शहतूत मीठे हैं!


नवीन कुमार, जालंधर: श्यामलाल की उम्र करीब 70 साल है ।   बिहार के सिवान जिले से 2 साल पहले जालंधर आया था।   यहां पर फोकल प्वाइंट स्थित एक फैक्ट्री में हेल्पर का काम करता है।  उसे प्रति महीना ₹7000 मिलता है।  उसे क्या पता था पैसे थोड़े-थोड़े बचाने भी हैं।  एक दिन खाने के भी लाले पड़ जाएंगे।  कोरोना कर्फ्यू ने उसके जीवन यापन को पूरी तरह से बदल कर रख दिया।  बुधवार दोपहर को वह महीना उठाने फैक्ट्री आया था।  मैनेजर ने कहा अभी पैसे नहीं आए हैं दूसरे दिन आना।  कर भी क्या सकता था निराश होकर लौट चला। रास्ते में उसे एक शहतूत का पेड़ दिखाई दिया जो पान की दुकान को छांव दे रहा था। कर्फ्यू के कारण यह दुकान तो बंद थी।  शहतूत जरूर कुछ लाल और कुछ काले थे। मुझे याद आया इसी पान की दुकान पर तो हमारे कुछ साथी सुट्टा मारने के लिए भी आते हैं ।  मुझे देखते ही उसने बोला यह काफी मीठे हैं।  कुछ देर के बाद मैंने कहा क्या हुआ, उसने कहा कुछ नहीं, फैक्ट्री गया था पैसे नहीं मिले।
 श्यामलाल
  श्यामलाल ने बताया वह अपने भतीजे के साथ यहां रहता है ।   10 साल जालंधर में समय बिताने के बाद मन ऊब गया।  घर चला गया।  कई साल तक गांव में ही रहा।  2 साल पहले ही दोबारा यहां आ गया।  एक बेटी है उसकी शादी कर दी। घर में बुढ़िया है ,वही काम धाम देखती है 15 कट्ठा जमीन भी है।  उसी से गुजर बसर हो जाता है।  फैक्ट्री में 15 -17 दिन काम किया था।  उसका महीना बचा है।  सुना था पूरे महीने का वेतन मिल जाएगा।  पता नहीं यह मिलेगा भी कि नहीं।  लेकिन बाबू जितना काम किया था उतना पैसा मिल ही जाएगा ना। घर में राशन नहीं था।  दो-दो रोटी खाकर निकले हैं। शहतूत  देखा मन ललच गया ।  खाने लगा।  मैंने पूछा क्या इससे तुम्हारा पेट भर जाएगा। वह हल्की  मुस्कान से अपनी झुर्रियों को दिखाने लगा।  कुछ नहीं बोला मैंने पूछा कितनी देर से खा रहे हो। उसने बोला बस 10 मिनट से।
शहतूत खाने के कुछ फायदे भी जान लें 
तूत का फल।
बेशक यह व्‍यक्ति शहतूत के जामुनी रंग के पके फलों को देख कर खाने से अपने को नहीं रोक पाया लेकिन इसके कई तरह के फायदे भी हैं, जिसे जानकर आप भी हैरत में पड़ जाएंगे। शहतूत का फल खाने में जितना स्वादिष्ट होता है उतना सेहतमंद भी। आयुर्वेद में शहतूत के ढेरों फायदों का बखान है। शहतूत में पोटैशियम, विटामिन ए और फॉस्फोरस प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। आमतौर पर शहतूत दो प्रकार के होते हैं।  शहतूत एक ऐसा फल है जिसे कई लोग कच्चा ही खाना पसंद करते हैं और कुछ पक जाने पर।

  1.  शहतूत खाने से पाचन शक्ति अच्छी रहती है।  ये सर्दी-जुकाम में भी बेहद फायदेमंद है।
  2.  यूरि‍न से जुड़ी कई समस्याओं में भी शहतूत बेहद फायदेमंद होता है।
  3.  शहतूत खाने से आंखों की रोशनी बढ़ती है। ये बढ़ती उम्र के लक्षणों को जल्दी आने से भी रोकता है।
  4.  गर्मियों में शहतूत के सेवन से लू लगने का खतरा कम हो जाता है।
  5.  शहतूत खाने से लीवर से जुड़ी बीमारियों में राहत मिलती है। साथ ही यह किडनी के लिए भी बहुत फायदेमंद है।